लखनऊ :
हत्या मामले में जेल में बंद बंदी की मौत; बैरक प्रभारी निलंबित, तीन हेड वार्डरों पर भी कार्रवाई।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के जिला जेल में एक विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर गोसाईंगंज पुलिस मौके पर पहुंची। नायब तहसीलदार अभिषेक पाण्डेय की मौजूदगी में पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं जेल प्रशासन ने घटना के बाद प्रथमदृष्टया ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर बैरक प्रभारी जेल वार्डर हरिओम को निलंबित कर दिया गया है, जबकि तीन हेड जेल वार्डरों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ जिला कारागार के सर्किल नंबर-03 की बैरक संख्या-83 में हत्या मामले मे 15 अक्टूबर से बंद 30 वर्षीय अवनीश जायसवाल उर्फ देव उर्फ गोलू ने 18/19 नवंबर की मध्यरात्रि करीब दो बजे कथित तौर पर तौलिये से फांसी लगा ली। जेल चिकित्सक ने परीक्षण के बाद रात करीब 3:10 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद प्रथमदृष्टया ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर बैरक प्रभारी जेल वार्डर हरिओम को निलंबित कर दिया गया है, जबकि तीन हेड जेल वार्डरों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतक अवनीश जायसवाल पुत्र संतलाल, निवासी फिरोजपुर खुर्द, थाना दोस्तपुर, जनपद सुल्तानपुर का रहने वाला था। वह सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज हत्या के मुकदमे (मु0अ0सं0 685/2026, धारा 103(1) बीएनएस) में आरोपी था और 15 अक्टूबर 2026 से जिला कारागार लखनऊ में निरुद्ध था।
19 नवंबर को जेल प्रशासन की सूचना पर गोसाईंगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और नायब तहसीलदार अभिषेक पाण्डेय की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।
लापरवाही पर जेल प्रशासन की कार्रवाई
घटना को गंभीरता से लेते हुए कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं ने प्रथमदृष्टया ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में बैरक प्रभारी हरिओम, जेल वार्डर को निलंबित कर विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी है। इसके अलावा हेड जेल वार्डर देव प्रकाश सिंह, उदय नारायण और दीपेन्द्र सिंह के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
जेल में बंद विचाराधीन बंदी की मौत ने सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विभागीय जांच से घटना की परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)