लखनऊ :
पति की हत्या की खौफनाक साजिश,
पत्नी गिरफ्तार,प्रेमी की तलाश।
●पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या, शव फेंककर हुई थी फरार।
दो टूक : लखनऊ के थाना जानकीपुरम के लोटस पोर्टिको, ओरो सिटी के पास मिले दीपक कश्यप के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ज्योति ने अपने प्रेमी मनोज के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। दोनों ने सुनसान स्थान पर ले जाकर दीपक के सिर पर ईंट से वार किया, फिर मुंह में कपड़ा ठूंसकर और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पत्नी ज्योति कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी मनोज अभी फरार है।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक 17 नवंबर को लोटस पोर्टिको ओरो सिटी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। बाद में उसकी पहचान सीतापुर निवासी दीपक कुमार कश्यप के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद मृतक के भाई की तहरीर पर जानकीपुरम थाने में पत्नी ज्योति और अन्य के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए डीसीपी उत्तरी की स्वाट/सर्विलांस टीम और जानकीपुरम पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार ज्योति ने बताया कि उसकी दीपक से वर्ष 2023 में शादी हुई थी। दोनों की पहले भी शादियां हो चुकी थीं और उनके बच्चे भी थे। शादी के बाद परिवार गुडंबा क्षेत्र में ज्योति के माता-पिता के साथ रहता था। करीब डेढ़ साल पहले दोनों अलीगंज स्थित सीएमएस स्कूल में नौकरी करने लगे। दीपक वैन चालक और ज्योति आया का काम करती थी। इसके बाद दोनों स्कूल के पास किराये के कमरे में रहने लगे।
पुलिस के अनुसार, ज्योति ने पूछताछ में आरोप लगाया कि दीपक शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था और अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था। इसी दौरान करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात दीपक के दोस्त मनोज से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। दीपक इस रिश्ते को लेकर नाराज रहता था। ज्योति ने मनोज को अपनी परेशानियां बताईं और दोनों ने दीपक को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश को अंजाम देने की वजह के रूप में ज्योति ने अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ दीपक के कथित आपत्तिजनक व्यवहार का भी जिक्र किया। उसने बताया कि करीब 15 दिन पहले उसने दीपक को बेटी को अश्लील वीडियो दिखाते और गलत तरीके से छूते देखा था। इसके बाद उसने मनोज से कहा कि अब दीपक के साथ रहना बर्दाश्त नहीं हो रहा है। दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।
●उल्टी का बहाना बनाकर सुनसान जगह ले गए।
पुलिस के मुताबिक 16 नवंबर की रात दीपक ने शराब पी रखी थी। देर रात ज्योति ने तबीयत खराब होने और डॉक्टर के पास जाने का बहाना बनाया। इसके बाद फोन कर मनोज को बुलाया। मनोज की मोटरसाइकिल से तीनों ओरो सिटी के पास पहुंचे। वहां उल्टी करने के बहाने ज्योति नीचे उतरी। इसी दौरान पीछे से दीपक के सिर पर ईंट से वार किया गया। इसके बाद उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर पैर से गला दबा दिया गया।
●हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। संयुक्त पुलिस टीम ने रविवार को छुईयापुरवा ठेके के बगल पेड़ के पीछे सड़क किनारे से ज्योति कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल ईंट भी बरामद की गई है।
● पुलिस आरोपी प्रेमी मनोज की तलाश मे जुटी।।
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी मनोज पुत्र कालिका प्रसाद निवासी छुईयापुरवा, थाना गुडंबा, लखनऊ का रहने वाला है। उसका स्थायी पता सीतापुर जनपद में है। वह सीएमएस अलीगंज स्कूल में वैन चालक के रूप में काम करता था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। गिरफ्तार ज्योति को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)