लखनऊ :
बस में चढ़ते समय महिला के गले से चेन छीनने वाले दो शातिर महिलाएं गिरफ्तार।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ में भीड़भाड़ और सार्वजनिक वाहनों में यात्रियों को निशाना बनाकर चेन चोरी करने वाले महिला गिरोह का पीजीआई पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की दो महिला सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई एक सोने की चेन बरामद की है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सुनीता और मुस्कान के रूप में हुई है, जबकि गिरोह की तीसरी सदस्य काजल की तलाश में पुलिस जुटी है।
विस्तार :
थाना पीजीआई इस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के मुताबिक 21 नवंबर को अशोक कुमारी नाम की महिला ने स्थानीय थाना पीजीआई में शिकायत दर्ज कराई थी कि उतरठिया अंडरपास के पास रायबरेली जाने के लिए रोडवेज बस में चढ़ते समय कुछ महिलाओं ने उनके गले से करीब 16 ग्राम वजनी सोने की चेन चोरी कर ली। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए गठित दो पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से 22 नवंबर को सुनीता (30) और मुस्कान (35) को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की एक चेन (पीली धातु) बरामद की गई।
पूछताछ में दोनों महिलाओं ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों, रोडवेज बसों और अन्य सार्वजनिक वाहनों में चढ़ते-उतरते समय यात्रियों के गले से चेन और कीमती सामान चोरी करती थीं। चोरी का माल एक-दूसरे को सौंपकर बाद में आपस में बांट लेती थीं। 21 नवंबर को भी बस में चढ़ते समय महिला की चेन चोरी कर मुस्कान को सौंप दी थी।
गिरफ्तार दोनों अभियुक्ताएं मूल रूप से गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीपुर गांव की निवासी हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है। गिरोह की तीसरी आरोपी काजल की तलाश जारी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)