गौतमबुद्धनगर: जेवर के दयानतपुर में गैस रिसाव से घर में लगी भीषण आग, दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मौत, मां-बेटा झुलसे!!
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर के जेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दयानतपुर में सोमवार को गैस सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण एक घर में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि पुत्रवधू और दो वर्षीय मासूम बच्चा आग की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को ग्राम दयानतपुर स्थित एक मकान में रखे गैस सिलेंडर से अचानक गैस का रिसाव होने लगा। इसके चलते घर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से वीरपाल पुत्र महिपाल सिंह (56 वर्ष) और उनके बेटे अभिषेक (24 वर्ष) की मौत हो गई। हादसे में अभिषेक की पत्नी काजल (22 वर्ष) और दो वर्षीय बेटा आदित्य झुलस गए।
घटना की सूचना मिलने पर थाना जेवर पुलिस मौके पर पहुंची। आग पर काबू पा लिया गया है। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले पिता-पुत्र के शवों का पंचायतनामा भरकर पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस द्वारा अन्य आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद ग्राम दयानतपुर में शोक की लहर है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)