गौतमबुद्धनगर: दादरी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से एक बदमाश घायल; साथी फरार!!
09 मोबाइल फोन, चोरी की पांच मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा बरामद, राहगीरों से मोबाइल छीनने और बंद मकान में चोरी की वारदातों का खुलासा
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट के थाना दादरी क्षेत्र में सोमवार को चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोकेश पुत्र रामकुमार निवासी ग्राम खवासपुर, थाना चोला, जनपद बुलंदशहर, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को थाना दादरी पुलिस की टीम बौड़ाकी कट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन दोनों रुकने के बजाय मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो आगे फोरमी कंपनी गोल चक्कर के पास उनकी मोटरसाइकिल झाड़ियों में फंस गई। खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम द्वारा आसपास के इलाके में कांबिंग की जा रही है।
09 मोबाइल फोन और पांच चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा एक बैग में रखे चोरी और स्नैचिंग के नौ मोबाइल फोन तथा सफेद धातु के दो सिक्के भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की चार अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। इस प्रकार कुल पांच मोटरसाइकिल पुलिस के कब्जे में आई हैं।
ग्रेटर नोएडा में राहगीरों से मोबाइल छीनने और बंद मकान में चोरी का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी लोकेश अपने साथी देव के साथ मिलकर कुछ दिन पहले ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग स्थानों पर राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने की घटनाओं में शामिल था। बरामद मोटरसाइकिल बुलंदशहर जनपद के सरकारी अस्पताल के सामने पठान वाली मस्जिद के गेट से चोरी की गई थी। इस संबंध में थाना कोतवाली सिटी बुलंदशहर में मुकदमा अपराध संख्या 1217/2025 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
इसके अलावा पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अगस्त माह में आरोपी लोकेश ने अपने एक अन्य साथी आकाश के साथ मिलकर सेक्टर जू-3 के ए ब्लॉक में स्थित एक बंद मकान का ताला तोड़कर रात के समय ज्वेलरी और अन्य सामान चोरी किया था। इस मामले में आरोपी के कब्जे से सफेद धातु के दो सिक्के बरामद हुए हैं।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी लोकेश के खिलाफ थाना दादरी में मुकदमा अपराध संख्या 404/26 धारा 331(4)/305, 317(2) बीएनएस तथा थाना चोला, बुलंदशहर में मुकदमा अपराध संख्या 179/2026 धारा 109(1), 115(2), 352 बीएनएस सहित अन्य मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस बरामद चार अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही फरार आरोपी देव की तलाश और गिरोह द्वारा पूर्व में की गई अन्य चोरी व स्नैचिंग की घटनाओं के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी लिखें (Comment)