गौतमबुद्धनगर: चलती XUV बनी आग का गोला, चालक ने खिड़की से कूदकर बचाई जान; देखते ही देखते कार जलकर हुई खाक!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 130 मीटर रोड पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सेक्टर-12 के पास एक चलती XUV में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। आग की लपटें देखकर आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि कार में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे में चालक के सुरक्षित होने की बात सामने आई है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना इकोटेक-3 क्षेत्रांतर्गत एक कार में अचानक आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल टीम द्वारा आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल कार में आग लगने के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
