गौतमबुद्धनगर: नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग गैंग का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार; 21 मोबाइल, दो चाकू और चोरी की बाइक बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। थाना फेस-2 पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी और स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 21 चोरी/स्नैच किए गए मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिल को आरोपियों ने सेक्टर-10 नोएडा से चोरी किया था।
पुलिस के मुताबिक, 4 अक्टूबर 2026 को थाना फेस-2 पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को ककराला पुस्ता तिराहा के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन पुत्र धर्मपाल, निवासी पीतल नगरी, थाना बिलारी, जनपद मुरादाबाद, वर्तमान निवासी ग्राम सोरखा, थाना सेक्टर-113, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 19 वर्ष और विपिन पुत्र कमल, निवासी ग्राम मोरना, सेक्टर-35, थाना सेक्टर-24, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है।
भीड़भाड़ वाले इलाकों और बाजारों में करते थे वारदात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मिलकर भीड़भाड़ वाले स्थानों और बाजारों में लोगों के मोबाइल फोन चोरी करते थे। इसके अलावा कंपनियों में काम करने के बाद घर लौट रहे कर्मचारियों और मजदूरों को रास्ते में निशाना बनाकर उनके मोबाइल फोन स्नैच कर लेते थे। मोबाइल फोन की संख्या अधिक होने पर आरोपी उन्हें बेच देते थे।
सेक्टर-10 से चोरी की थी मोटरसाइकिल
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल रजिस्ट्रेशन नंबर UP16EF4749 भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, यह मोटरसाइकिल आरोपियों ने मिलकर सेक्टर-10, नोएडा से चोरी की थी। इस संबंध में थाना फेस-1 में मु0अ0सं0 348/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
विपिन पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी विपिन का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, हथियार अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी सचिन के खिलाफ भी थाना सेक्टर-49, थाना सेक्टर-24 और थाना फेस-2 में चोरी, अवैध हथियार और आबकारी अधिनियम से संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और आरोपियों से जुड़ी अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।।
