UPITS-2026: 3 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में सुरक्षित हुआ अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो, यातायात व्यवस्था के लिए 631 कर्मी रहे तैनात!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की गई। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पूरे आयोजन के दौरान कार्यक्रम स्थल से लेकर आसपास के प्रमुख मार्गों, मेट्रो स्टेशनों, अंडरपास और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी गई।
ट्रेड शो के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया। अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में 3,000 से अधिक पुलिसकर्मियों और पीएसी की सात कंपनियों को सुरक्षा ड्यूटी में लगाया गया।
हेलीपैड से प्रदर्शनी हॉल तक बहुस्तरीय सुरक्षा
सुरक्षा योजना के तहत हेलीपैड, प्रवेश द्वार, प्रदर्शनी हॉल, गैलरी, वीआईपी रूट, रिंग रोड, अंडरपास, मेट्रो स्टेशन और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती रही। हाईराइज इमारतों, मॉल, ओवरब्रिज और अन्य ऊंचाई वाले स्थानों से रूफटॉप निगरानी कराई गई। इसके साथ ही एंटी-ड्रोन व्यवस्था के जरिए आसमान से भी निगरानी रखी गई।
जनपद स्तरीय आंतरिक सुरक्षा योजना के तहत बॉर्डर चेकिंग, रूट ड्यूटी और संवेदनशील स्थानों की लगातार मॉनिटरिंग की गई। किसी भी संभावित प्रदर्शन या अप्रत्याशित स्थिति से तत्काल निपटने के लिए एंटी-डेमो टीमों को भी तैनात किया गया।
परी चौक, सूरजपुर और महामाया फ्लाईओवर पर एंटी-डेमो टीम
एंटी-डेमो व्यवस्था के तहत परी चौक, सूरजपुर, महामाया फ्लाईओवर, सेक्टर-14 समेत अन्य चिन्हित स्थानों पर टीमों की तैनाती की गई। इन टीमों को किसी भी संभावित प्रदर्शन या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति में तत्काल कार्रवाई और पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
आपात स्थिति को देखते हुए सेफ हाउस और सेफ हॉस्पिटल की व्यवस्था भी सक्रिय रखी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थान और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
631 यातायात पुलिसकर्मियों ने संभाली व्यवस्था
UPITS के दौरान एक्सपो मार्ट और आसपास के मार्गों पर यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए भी व्यापक इंतजाम किए गए। यातायात व्यवस्था में 11 ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 89 ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर, 531 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 21 कैमरा मॉनिटरिंग एवं कंट्रोल रूम कर्मी, 16 मार्शल मोटरसाइकिल दल, चार क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) तथा 30 क्रेन/हाइड्रा तैनात किए गए। कुल 631 यातायात पुलिसकर्मियों ने आयोजन के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली।
वीआईपी मूवमेंट के दौरान विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखा गया। पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी की गई।
6 देशों ने पार्टनर कंट्री के रूप में लिया हिस्सा
UPITS-2026 के चौथे संस्करण में रूस, ऑस्ट्रिया, जापान, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम छह देशों ने आधिकारिक पार्टनर कंट्री के रूप में भाग लिया। आयोजन में करीब छह लाख से अधिक दर्शकों एवं उद्यमियों, विभिन्न देशों के खरीदारों और 2,400 से अधिक प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया।
यूपी पुलिस के स्टॉल को लगातार तीसरे वर्ष मिला बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड
ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश पुलिस के स्टॉल ने लगातार तीसरे वर्ष ‘बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड’ हासिल किया। स्टॉल में आधुनिक सुरक्षा तकनीक, ‘मित्र पुलिस’ की अवधारणा, महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और नागरिक सेवाओं से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई।
स्टॉल पर STF, ATS, यूपी-112, यातायात पुलिस, महिला हेल्पलाइन-1090, साइबर सेल, एफएसएल, SDRF, GRP और अग्निशमन सेवा समेत विभिन्न पुलिस इकाइयों ने अपनी कार्यप्रणाली, आधुनिक उपकरण और जनोपयोगी सेवाओं का प्रदर्शन किया। लोगों को UP-COP, ऑनलाइन पुलिस सेवाओं, साइबर अपराध से बचाव, मिशन शक्ति 5.0 और विभिन्न हेल्पलाइन के बारे में भी जागरूक किया गया।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पुलिस कमिश्नरेट को किया सम्मानित
UPITS-2026 के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिए किए गए व्यापक इंतजामों की सराहना की गई। उत्कृष्ट पुलिस व्यवस्थापन एवं सुरक्षा प्रबंधन के लिए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर को सम्मानित किया गया। यह सम्मान अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने पुलिस कमिश्नरेट की ओर से प्राप्त किया।
पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, बहुस्तरीय सुरक्षा, प्रभावी यातायात प्रबंधन, रूफटॉप निगरानी, एंटी-ड्रोन व्यवस्था, वीआईपी सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के समन्वित इंतजामों के चलते पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय आयोजन को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया।।
