गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026

लखनऊ :सूर्य कमान को मिला नया सेनानायक, लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा ने संभाला पदभार।||Lucknow:Surya Command gets a new commander, Lieutenant General Sanjay Mitra takes charge.||

शेयर करें:
लखनऊ :
सूर्य कमान को मिला नया सेनानायक, लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा ने संभाला पदभार।
दो टूक : भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा ने गुरुवार को लखनऊ स्थित मध्य कमान (सूर्य कमान) के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्मृतिका वॉर मेमोरियल पहुंचकर वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इसके बाद औपचारिक परेड में ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का निरीक्षण किया।
विस्तार : 
आर्मी कमांडर ने सूर्य कमान की ऑपरेशनल तैयारियों के उच्चतम मानकों को बनाए रखने, रणनीतिक प्रतिक्रिया क्षमता को और मजबूत करने तथा पूरे थिएटर में मल्टी-डोमेन क्षमताओं को बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने सूर्य कमान के सभी रैंकों के सैन्यकर्मियों, वीर नारियों, पूर्व सैनिकों, रक्षा असैनिक कर्मचारियों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं।
लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा को 10 जून 1989 को इंडियन मिलिट्री एकेडमी से ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में कमीशन मिला था। तीन दशक से अधिक के सैन्य करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण कमांड और स्टाफ पदों पर सेवाएं दी हैं। उन्होंने इन्फैंट्री बटालियन, ब्रिगेड और डिवीजन की कमान संभाली। इसके अलावा कमांडो स्कूल बेलगाम में इंस्ट्रक्टर, डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज वेलिंगटन में चीफ इंस्ट्रक्टर, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड में स्क्वाड्रन कमांडर तथा आर्मी वॉर कॉलेज की फैकल्टी ऑफ स्टडीज में कर्नल जनरल स्टाफ के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
लेफ्टिनेंट जनरल पद पर पदोन्नति के बाद 9 जून 2023 को उन्होंने 1 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग का दायित्व संभाला। 17 जून 2025 के बाद वे आर्मी हेडक्वार्टर में डायरेक्टर जनरल ऑफ ऑपरेशनल लॉजिस्टिक्स एंड स्ट्रैटेजिक मूवमेंट के पद पर कार्यरत रहे। अब उन्हें मध्य कमान की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।