गौतमबुद्धनगर: IIMT कॉलेज में मारपीट का वीडियो वायरल, छात्रों में आक्रोश; सिक्योरिटी सुपरवाइजर समेत दो गिरफ्तार!!
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित IIMT कॉलेज में छात्र के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया। वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज के छात्रों में आक्रोश फैल गया और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी। मामले को गंभीरता से लेते हुए नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर को कॉलेज में प्रवेश को लेकर एक सस्पेंडेड छात्र और सिक्योरिटी सुपरवाइजर के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट की स्थिति बन गई। इसी घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए नामजद दोनों आरोपियों हरिओम रावल और विपिन त्रिवेदी को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक कॉलेज का सिक्योरिटी सुपरवाइजर बताया गया है, जबकि दूसरा कॉलेज का सस्पेंडेड छात्र है।
वीडियो वायरल होने के बाद छात्रों की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच और सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है और घटना से संबंधित वीडियो तथा अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच के आधार पर घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होने की बात पुलिस ने कही है।।
