शनिवार, 24 अक्टूबर 2026

सुल्तानपुर : दुर्गा प्रतिमा विसर्जन मार्गों का मंडलायुक्त और डीआईजी ने लिया जायजा।।||Sultanpur: Divisional Commissioner and DIG inspected the Durga idol immersion routes.||

शेयर करें:
सुल्तानपुर :  
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन मार्गों का मंडलायुक्त और डीआईजी ने लिया जायजा।।
●संवेदनशील स्थलों पर कड़ी निगरानी, पुलिस बल की तैनाती और ड्रोन से सुरक्षा के निर्देश।
दो टूक :  दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए शनिवार को अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त राजेश कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सोमेन वर्मा ने बल्दीराय थाना क्षेत्र में विसर्जन मार्गों और संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल भी मौजूद रहे।
विस्तार : 
आला जिला प्रशासन के द्वारा मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विसर्जन मार्गों पर पड़ने वाली मस्जिदों और अन्य संवेदनशील स्थानों का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विसर्जन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
मंडलायुक्त और डीआईजी ने स्थानीय आयोजकों एवं धर्मगुरुओं से संवाद बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराया जाए। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी बल्दीराय, थाना प्रभारी सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।