लखनऊ :
PTC इंडस्ट्रीज में नहाते समय करंट की चपेट में आया सुरक्षा गार्ड, मौत।
दो टूक : लखनऊ के थाना बाजारखाला क्षेत्र के मालवीय नगर स्थित PTC इंडस्ट्रीज लिमिटेड, लखनऊ प्लांट-1 में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। कंपनी परिसर में स्नान करते समय सुरक्षा गार्ड संदीप कुमार अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद कंपनी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार संदीप कुमार पुत्र नन्द किशोर ऐसबाग मालवीय नगर स्थित PTC इंडस्ट्रीज लिमिटेड, कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था। पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह करीब 8:30 बजे वह कंपनी परिसर में स्नान कर रहा था, तभी अचानक विद्युत करंट की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही कंपनी के सुपरवाइजर और अन्य सुरक्षा गार्ड उसे तत्काल रानी लक्ष्मीबाई संयुक्त चिकित्सालय, राजाजीपुरम लेकर पहुंचे। अस्पताल की इमरजेंसी पर्ची के अनुसार उसे करीब 9:20 बजे अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना पर बाजारखाला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार पंचनामा, पोस्टमार्टम समेत अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। हादसे के बाद कंपनी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, सुरक्षा मानकों में लापरवाही या कंपनी प्रबंधन की जिम्मेदारी को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
