रविवार, 25 अक्टूबर 2026

मऊ : PET-2026 परीक्षा को लेकर डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया।||Mau: The DM and SP inspected the examination centers for the PET-2026 exam.||

शेयर करें:
मऊ : 
PET-2026 परीक्षा को लेकर डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क रहा। जिलाधिकारी आनंद वर्धन और पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कक्ष का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए जनपद के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए। परीक्षा केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वारों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। साथ ही, परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अफवाहों और साइबर धोखाधड़ी पर भी कड़ी नजर
परीक्षा के दौरान पेपर लीक, ऑनलाइन धोखाधड़ी और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार पर रोक लगाने के लिए साइबर पुलिस टीम तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी कड़ी निगरानी रखी गई। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि परीक्षा से संबंधित फर्जी खबरें, अफवाहें या भ्रामक सूचनाएं फैलाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए।
जनपद मऊ पुलिस ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की कि वे शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखें, परीक्षा संबंधी नियमों का पालन करें और परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। जिला प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता परीक्षा को सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना रही।