रविवार, 25 अक्टूबर 2026

मऊ : भाजयुमो नेता शक्ति सिंह ने कहा जेल-बेल और दहशत नहीं, विकास हो प्राथमिकता।||Mau: BJYM leader Shakti Singh said, "Development should be the priority, not jail, bail, and terror."||

शेयर करें:
मऊ : 
भाजयुमो नेता शक्ति सिंह ने कहा जेल-बेल और दहशत नहीं, विकास हो प्राथमिकता।।
दो टूक :  भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में लगातार दूसरी बार जिम्मेदारी मिलने के बाद पूर्व दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) अध्यक्ष एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता शक्ति सिंह ने मऊ की राजनीति को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। अब्बास अंसारी के बयानों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि मऊ को जेल-बेल और दहशत की राजनीति से बाहर निकालकर विकास, सुशासन और युवाओं के बेहतर भविष्य की दिशा में आगे ले जाना उनका लक्ष्य है।
●राजनीतिक विरासत नहीं, अपने काम को बताया पहचान।।
शक्ति सिंह ने अपनी शैक्षिक पृष्ठभूमि, विधिक कार्यों और छात्र राजनीति में सक्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी पहचान शिक्षा, संगठनात्मक गतिविधियों और व्यक्तिगत प्रयासों से बनी है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय में विधि की पढ़ाई, सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता के रूप में कार्य तथा खेल और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सहभागिता का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि भाजपा में संगठनात्मक जिम्मेदारियां समर्पण और कार्य के आधार पर मिलती हैं।
●2005 के दौर का जिक्र, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल।
मऊ के पुराने राजनीतिक हालात का उल्लेख करते हुए शक्ति सिंह ने वर्ष 2005 के दंगों और उस समय के भय के माहौल की चर्चा की। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौर में माफिया तत्वों के प्रभाव से वैध कारोबार भी प्रभावित होते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कानून का राज और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।
मऊ से जुड़ाव, विकास को बताया लक्ष्य
शक्ति सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय रहने के बावजूद मऊ से उनका जुड़ाव बना हुआ है। बाहर अर्जित विधिक, प्रशासनिक और संगठनात्मक अनुभव का उपयोग वह जिले के विकास और उसकी नई पहचान बनाने में करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को मुकदमों और भय के माहौल के बजाय शिक्षा, खेल और रोजगार के अवसर मिलने चाहिए। मऊ में ऐसी परिस्थितियां विकसित होनी चाहिए, जिससे युवा अपने भविष्य को लेकर बेहतर संभावनाएं तलाश सकें।
●कारोबार से जुड़े आरोपों पर भी रखी बात।
अब्बास अंसारी की ओर से राजनीतिक संरक्षण और कंपनियों को लेकर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शक्ति सिंह ने अपने परिवार के कारोबार को कई दशक पुराना बताया। उन्होंने दावा किया कि उनका व्यावसायिक विस्तार कई राज्यों में है और पहले उनके वैध प्रतिष्ठानों को भी बाधाओं का सामना करना पड़ा था।
शक्ति सिंह ने कहा कि मऊ की राजनीति में पुराने विवादों और आरोप-प्रत्यारोप के बजाय विकास, रोजगार, कानून-व्यवस्था और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।