लखनऊ :
घर में सो रहा था मासूम-चोरों ने उड़ाए लाखों के जेवर और नकदी।।
●चाची के निधन पर घर से बाहर था परिवार।
दो टूक : लखनऊ के थाना पीजीआई क्षेत्र के तेलीबाग स्थित प्रभात नगर मोहरीबाग में चोरों ने एक परिवार के दुख की घड़ी को वारदात का मौका बना लिया। घर में चाची की मौत से मातम पसरा था।दुख में डूबे परिवार को संभलने का मौका भी नहीं मिला कि घर में चोरी की घटना ने एक और मुसीबत खड़ी कर दी। जिस घर में रात को एक किशोर बेफिक्र होकर सो रहा था, उसी घर में चोर अलमारी का लॉक तोड़कर कीमती सामान समेट ले गए। हैरानी की बात यह रही कि किशोर ने रात में खटपट की आवाज सुनी और नींद से जागा भी, लेकिन उसे लगा कि मम्मी-पापा घर आए होगे इसी भरोसे वह दोबारा सो गया। रात के सन्नाटे में हुई इस वारदात का पता सुबह लगा तो परिवार के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
●विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार, विनय कुमार पुत्र विजय कुमार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ तेलीबाग के खरिका स्थित मोहरीबाग क्षेत्र में रहते हैं। उनके चाचा का परिवार भी घर से करीब दस मकान आगे रहता है। बीते शनिवार रात करीब दस बजे बीमारी के चलते विनय की चाची का निधन हो गया। खबर मिलते ही विनय अपनी पत्नी के साथ चाचा के घर पहुंच गए। परिवार के लोग वहीं रुक गए, जबकि नींद आने पर किशोर बच्चे को घर भेज दिया गया।
इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बना लिया। आरोप है कि चोर घर में घुसे और अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। घर में किशोर की मौजूदगी के बावजूद चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। सुबह जब किशोर की नींद खुली और उसने घर का सामान बिखरा देखा तो घबरा गया। उसने तत्काल माता-पिता को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
●खट-पट सुनकर जागा किशोर, फिर भी नहीं भांप सका खतरा।
पुलिस के मुताबिक, रात में घर के भीतर खटपट की आवाज सुनकर किशोर की नींद खुली थी। हालांकि, उसे लगा कि माता-पिता घर लौट आए हैं। इसी सोच के चलते वह दोबारा सो गया। सुबह उठने पर घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला तो चोरी की जानकारी हुई। परिवार के लिए यह घटना इसलिए भी चिंता बढ़ाने वाली है कि वारदात के वक्त घर के भीतर बच्चा मौजूद था।
पुलिस जांच में जुटी, तहरीर का इंतजार
चोरी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस चौकी और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी जुटाई। पीजीआई थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि तेलीबाग के मोहरीबाग क्षेत्र में एक घर में चोरी की घटना हुई है। पीड़ित परिवार में चाची का निधन होने के कारण सभी लोग उनके घर पर मौजूद थे। फिलहाल पीड़ित की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस टीम मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
सवाल यह है कि घर में एक किशोर के मौजूद होने के बावजूद चोर इतनी आसानी से वारदात कर कैसे फरार हो गए? अब पुलिस की जांच से ही चोरी के तरीके और आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
