रविवार, 25 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: दनकौर में पुलिस मुठभेड़, गोवध का आरोपी संजू पैर में गोली लगने से घायल; तमंचा, कारतूस और गोवध के उपकरण बरामद, साथी फरार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दनकौर में पुलिस मुठभेड़, गोवध का आरोपी संजू पैर में गोली लगने से घायल; तमंचा, कारतूस और गोवध के उपकरण बरामद, साथी फरार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर के थाना दनकौर क्षेत्र में रविवार तड़के पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोवध के मामले में आरोपी संजू पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, 24 और 25 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि थाना दनकौर पुलिस की टीम क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-18 के जंगल में स्थित पॉकेट-5सी पार्क के पास एक मोटरसाइकिल के निकट दो संदिग्ध व्यक्ति खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी डालकर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे। आरोप है कि इसी दौरान संदिग्धों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई।

घायल आरोपी की पहचान संजू पुत्र रुक्का उर्फ लुक्का, निवासी गांव शेखपुर, थाना चांदहट, जिला पलवल, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं, उसका साथी अशरफ पुत्र हसरत, निवासी सिरोली बांगर, थाना जेवर, गौतमबुद्धनगर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

तमंचा, कारतूस और गोवध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, मौके से गोवध में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं। इनमें लोहे के दो बड़े छापड़, एक छोटी लोहे की छुरी, एक बड़ी लोहे की छुरी, दो रस्सियां, पांच प्लास्टिक के कट्टे और एक प्लास्टिक की पन्नी शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, एक पॉलीथीन से मेफेंटरमाइन सल्फेट इंजेक्शन की दो सीलबंद शीशियां, जाइलाजीन इंजेक्शन की एक शीशी, जाइलाजीन इंजेक्शन के तीन सीलबंद पैक, दो सीलबंद सुई और नीडल बरामद होने की जानकारी दी गई है।

सेक्टर-18 में पशुओं के अवशेष मिलने के मामले की जांच में जुटी थी पुलिस

पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई 2026 को थाना दनकौर क्षेत्र के सेक्टर-18 में पशुओं के अवशेष मिलने के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी संजू ने कथित तौर पर पूर्व में भी गोवध की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी संजू के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी गोवध से संबंधित मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब फरार साथी अशरफ की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आरोपी संजू के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के दनकौर, रबूपुरा और सेक्टर-58 थानों के अलावा हरियाणा के कैंप थाने में भी विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोवध अधिनियम, आयुध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम तथा चोरी और अन्य अपराधों से संबंधित मामले शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, दनकौर में दर्ज मुकदमा संख्या 259/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 तथा आयुध अधिनियम की धाराओं 3/25/27 के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी के खिलाफ दर्ज अन्य मुकदमों में गोवध अधिनियम से संबंधित मामले भी शामिल हैं।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना, बरामदगी और पूछताछ के आधार पर की जा रही है।।