मऊ :
जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक,दिए अहम निर्देश।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ मे जनगणना के द्वितीय चरण को सफल, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जनगणना निदेशालय से जनपद के लिए नामित अधिकारी कन्हैया जी ने द्वितीय चरण की तैयारियों, प्रशिक्षण और निर्धारित कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
नामित अधिकारी ने बताया कि जनगणना का द्वितीय चरण 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक चलेगा। इसके बाद 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण कार्य कराया जाएगा। वहीं स्व-गणना 16 से 30 नवंबर 2026 तक होगी। उन्होंने बताया कि 5 से 14 अक्टूबर तक सभी 82 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण पूरा कराया जाना है। इसके अलावा 18 अक्टूबर तक प्रत्येक चार्ज स्तर पर प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की नियुक्ति कर उन्हें नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। नवंबर के प्रथम सप्ताह तक सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण पूरा कराया जाना निर्धारित है।
बैठक में बताया गया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान गणना एवं सूचीकरण का कार्य किया गया था, जबकि द्वितीय चरण में व्यक्तियों की गणना की जाएगी। इसके साथ ही 4 जनवरी की मध्य रात्रि तक बेघर व्यक्तियों की गणना भी की जाएगी। द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति से कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। जाति संबंधी जानकारी दर्ज करने के लिए किसी भी प्रकार के दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी और इस संबंध में किसी व्यक्ति से दस्तावेज नहीं मांगा जाएगा।
जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने अधिकारियों को जनगणना निदेशालय द्वारा जारी बुकलेट का गहन अध्ययन करने तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों एवं चार्ज ऑफिसर्स को जनगणना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में समयबद्धता के साथ-साथ आंकड़ों की शुद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। डीएम ने निर्देश दिया कि जिन प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों ने जनगणना के प्रथम चरण में कार्य किया है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर द्वितीय चरण में भी लगाया जाए। इससे पूर्व अनुभव का लाभ लेते हुए कार्य को अधिक सुगमता और प्रभावी ढंग से पूरा कराया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने सभी चार्ज ऑफिसर्स को जनगणना पोर्टल की प्रक्रियाओं को भली-भांति समझने तथा पोर्टल पर प्रतिदिन दर्ज होने वाले आंकड़ों की स्वयं भी जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना से संबंधित प्रत्येक आंकड़ा पूरी सावधानी एवं शुद्धता के साथ दर्ज किया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर त्रुटि की संभावना न रहे। साथ ही प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की समय से नियुक्ति और प्रभावी प्रशिक्षण सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने जनगणना निदेशालय के नामित अधिकारी को सभी संबंधित अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए तैयारियों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर समस्या सामने आने पर तत्काल संबंधित अधिकारी से संपर्क कर उसका समाधान कराया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, समस्त उप जिलाधिकारी, चार्ज ऑफिसर्स एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
