लखनऊ :
निशातगंज पुल पर स्कूटी-कार में भीषण टक्कर,युवक की मौत।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली महानगर क्षेत्र के निशातगंज पुल पर रविवार देर रात स्कूटी और कार की आमने-सामने टक्कर में करीब 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही महानगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस से केजीएमयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विस्तार :
कोतवाली महानगर पुलिस के अनुसार बीते शनिवार की रात करीब 12:30 बजे स्थानीय थाना क्षेत्र निशातगंज पुल पर चौकी के सामने सड़क हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि स्कूटी संख्या UP41 BL 9679 सवार व्यक्ति गोल मार्केट की ओर से निशातगंज की तरफ जा रहा था। पुलिस के मुताबिक स्कूटी रॉन्ग साइड में थी, इसी दौरान सामने से आ रही टाटा अल्ट्रोज कार संख्या UP32 RE 4214 से उसकी टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से उसे केजीएमयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सत्यमान सिंह (30) पुत्र रामबहादुर सिंह, निवासी ग्राम टिकरी, थाना शिवरतनगंज, जनपद अमेठी के रूप में उनके चचेरे भाई ने की है। शव को केजीएमयू मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस द्वारा पंचायतनामा समेत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
