मऊ :
लेखपाल संघ ने किया आंदोलन का ऐलान,विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध प्रदर्शन।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले लेखपालों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया है। सदर तहसील परिसर में लगाए गए आंदोलन संबंधी बैनर में संगठन ने शासन-प्रशासन के समक्ष अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा है।
संघ की प्रमुख मांगों में प्रारंभिक वेतनमान 2800 रुपये के ग्रेड-पे में देने, अंतर-मंडलीय स्थानांतरण की व्यवस्था करने, पदोन्नति सूची (DPC) शीघ्र जारी करने, लंबित वेतन एवं अन्य देयों का भुगतान कराने तथा लेखपालों से संबंधित विभिन्न कार्यों में सुधार शामिल हैं। संगठन ने लेखपालों के प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र एवं अन्य समस्याओं के समाधान की भी मांग उठाई है।
बैनर के अनुसार आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। 3 अक्टूबर को संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार, इसके बाद तहसील स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम, काली पट्टी बांधकर विरोध, जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन तथा मोटरसाइकिल रैली सहित कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। संगठन ने 17 से 23 अक्टूबर तक तहसील मुख्यालय पर पूर्ण कार्य बहिष्कार एवं धरना-प्रदर्शन तथा 24 अक्टूबर से लगातार जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन पूर्ण कार्य बहिष्कार एवं धरना-प्रदर्शन की घोषणा की है।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों के समाधान के लिए आंदोलन को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ाया जाएगा। बैनर पर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के पदाधिकारियों एवं संगठन के अन्य सदस्यों के नाम भी अंकित हैं।
