गौतमबुद्धनगर: सुपरनोवा की 42वीं मंजिल से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत, संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ हादसा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के सेक्टर-94 स्थित गगनचुंबी सुपरनोवा (स्पायरा) बिल्डिंग में 38 वर्षीय युवक की बालकनी से नीचे गिरने के बाद मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या के उद्देश्य से कमरे की बालकनी की रेलिंग से छलांग लगाई थी। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान संभव जैन पुत्र विनय कुमार जैन, निवासी आईएमटी मानेसर, गुरुग्राम, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, संभव जैन सुपरनोवा बिल्डिंग के एक कमरे में एक दिन के लिए अकेले ठहरने आए थे। बताया गया कि उन्होंने कमरे की बालकनी की रेलिंग से लटकने के बाद नीचे छलांग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-126 प्रभारी सुमनेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारी और एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना के समय आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ में मृतक के मानसिक तनाव में होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।
मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।।
