मऊ :
गांधी और शास्त्री जयंती पर बच्चों ने निकाली प्रभात फेरी,स्वच्छता का दिया संदेश।।
दो टूक : सुलतानपुर जनपद जयसिंहपुर शिक्षा क्षेत्र के मॉडल इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय वैदहा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी से हुई। इसके बाद प्रधानाध्यापक कांति सिंह ने ध्वजारोहण किया। छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया।
सहायक अध्यापक अजीत यादव ने बच्चों को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों एवं देश के प्रति उनके योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिक्षक रवि प्रकाश ने बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए। वहीं राकेश ने बच्चों को ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ के विषय में जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को हलवा वितरित किया गया।
इस दौरान केश कुमार सिंह, मालती यादव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, एसएमसी अध्यक्ष मोहम्मद जहीर, राम आसरे, राधिका सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
