शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026

लखनऊ : मां की हत्या के आरोप में 17 वर्षीय किशोर पुलिस संरक्षण में,12 घंटे में खुलासा।||Lucknow: A 17-year-old boy accused of murdering his mother is under police protection, and the case is solved within 12 hours.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
मां की हत्या के आरोप में 17 वर्षीय किशोर पुलिस संरक्षण में,12 घंटे में खुलासा।
दो टूक : लखनऊ के नाका हिण्डोला थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर चौराहे के पास स्थित विजन अपार्टमेंट में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने 17 वर्षीय किशोर अपचारी को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर पुलिस संरक्षण में ले लिया। मृतका की पहचान गीता भागचंदानी (42) पत्नी राकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
विस्तार : 
पुलिस के मुताबिक एक अक्टूबर की सुबह करीब नौ बजे फ्लैट नंबर-202 में महिला की हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची नाका हिण्डोला पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला के सिर पर लोहे के औजार से प्रहार किया गया, जिससे उसकी मौत हुई।
पुलिस कमिश्नरेट के प्रेस नोट के अनुसार, घटना के बाद से वांछित 17 वर्षीय किशोर की तलाश शुरू की गई। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे दो अक्टूबर को थाना क्षेत्र से ही पुलिस संरक्षण में ले लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में किशोर ने अपनी मां की हत्या की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में किशोर ने अपने जेंडर संबंधी व्यक्तिगत विचारों और इच्छाओं के कारण महिला के रूप में जीवन जीने की इच्छा तथा माता-पिता द्वारा विरोध किए जाने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने हत्या की योजना बनाई और सेल्फ डिफेंस रेड चिली स्प्रे व लोहे का औजार खरीदा था।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त औजार समेत अन्य साक्ष्यों की जांच की है। मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। किशोर को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस टीम: थानाध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मोबीन अली, आशीष पटेल, देवेन्द्र सिंह, अंजनी तिवारी, हेड कांस्टेबल योगेश यादव और कांस्टेबल विजय बहादुर मिश्र की टीम ने कार्रवाई की।