गौतमबुद्धनगर: कोरोना काल में बिछड़े पत्रकारों को नम आंखों से किया याद, स्मृति वन में गूंजे श्रद्धांजलि के स्वर!!
विधायक पंकज सिंह बोले—संकट के दौर में पत्रकारों ने जोखिम उठाकर निभाया जनसेवा का दायित्व, उनका योगदान सदैव रहेगा यादगार
दो टूक//नोएडा। कोरोना महामारी के भयावह दौर में अपनी जान की परवाह किए बिना पत्रकारिता के दायित्वों का निर्वहन करते हुए दिवंगत हुए पत्रकार साथियों की स्मृति में शुक्रवार को नोएडा मीडिया क्लब की ओर से सेक्टर-73 स्थित स्मृति वन में श्रद्धांजलि सभा एवं स्मृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान दिवंगत पत्रकारों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष, साहस, समर्पण और पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता को याद किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने की।
कार्यक्रम में स्मृति वन स्थित दिवंगत पत्रकारों के स्मारक पर अतिथियों एवं पत्रकारों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। कोरोना महामारी के उस कठिन दौर को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जब संक्रमण के भय से लोग घरों में रहने को मजबूर थे, तब पत्रकार लगातार मैदान में डटे रहे और आमजन तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाने के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने का कार्य करते रहे।
नोएडा विधायक पंकज सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान पत्रकारों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखा। संकट के समय पत्रकारों ने जोखिम उठाकर समाज तक सूचनाएं पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में दिवंगत हुए पत्रकारों का योगदान पत्रकारिता और समाज के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।
नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने कहा कि कोरोना काल में बिछड़े पत्रकार साथी केवल मीडिया जगत की क्षति नहीं, बल्कि पूरे समाज की अपूरणीय क्षति हैं। उन्होंने कहा कि दिवंगत पत्रकारों की स्मृतियों को संजोकर रखना और पत्रकारिता के प्रति उनके समर्पण एवं योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
पत्रकारों की स्मृति में बनाया गया है स्मारक
नोएडा मीडिया क्लब द्वारा कोरोना महामारी के दौरान देशभर में दिवंगत हुए पत्रकारों की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से सेक्टर-73 स्थित स्मृति वन में स्मारक का निर्माण कराया गया है। यह स्मारक उन पत्रकारों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है, जिन्होंने महामारी के सबसे चुनौतीपूर्ण दौर में भी पत्रकारिता के दायित्व से पीछे हटना स्वीकार नहीं किया।
श्रद्धांजलि सभा का माहौल भावुक रहा। उपस्थित लोगों ने दिवंगत पत्रकार साथियों को नमन करते हुए उनके अधूरे सपनों और पत्रकारिता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरा स्मृति वन शोक, सम्मान और भावनाओं से भर उठा।
बड़ी संख्या में पत्रकार और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में नोएडा मीडिया क्लब के महासचिव जय प्रकाश सिंह, उपाध्यक्ष अमित चौधरी, सचिव जगदीश शर्मा, कोषाध्यक्ष मनोज वत्स, कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद शर्मा सहित वरिष्ठ पत्रकार आरपी रघुवंशी, मोहम्मद आजाद, विनोद शर्मा, देव गुर्जर और वीरेंद्र मलिक मौजूद रहे।
इसके अलावा नोएडा विधायक पंकज सिंह, सांसद डॉ. महेश शर्मा के प्रतिनिधि संजय बाली, नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन मल्हन, उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष विकास जैन, मानव सेवा समिति के अध्यक्ष यूके भारद्वाज, संयुक्त किसान मोर्चा के सुखबीर खलीफा, किसान नेता अशोक चौहान, ओम प्रकाश गुर्जर, अमित अवाना, भाजपा नेता अशोक चौहान, सपा नेता चौधरी जयकरण सिंह, बबलू चौहान और अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के महानगर अध्यक्ष अजय पांडे सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।।
