गौतमबुद्धनगर: चोरी की बाइक और दो अवैध चाकुओं के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली से चुराई थी मोटरसाइकिल!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने बीट पुलिसिंग और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद मोटरसाइकिल दिल्ली के मंडावली थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को नॉलेज पार्क पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बीट पुलिसिंग की मदद से प्रियदर्शनी तिराहा के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और दो अवैध चाकू बरामद हुए। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिराग पुत्र नेमपाल, निवासी विनोद नगर, मंडावली, थाना मधु विहार, नई दिल्ली, उम्र करीब 19 वर्ष तथा हनी उर्फ लक्की पुत्र पप्पू, निवासी कस्बा सूरजपुर, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 20 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या DL7SCG8545 दिल्ली के मंडावली थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। इस संबंध में दिल्ली पुलिस के ई-एफआईआर नंबर 021944/2026 के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नॉलेज पार्क में मु0अ0सं0 253/2026, धारा 317(2), 317(5) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके द्वारा की गई अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
बरामदगी
- चोरी की एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, रजिस्ट्रेशन नंबर DL7SCG8545
- दो अवैध चाकू
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।।
