गौतमबुद्धनगर: गांधी-शास्त्री जयंती पर बीएस मेमोरियल स्कूल में रचनात्मकता का रंग, फर्स्ट एड बॉक्स प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा!!
दो टूक//नोएडा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नोएडा स्थित बीएस मेमोरियल स्कूल में भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रचनात्मकता के साथ-साथ प्राथमिक उपचार के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान आयोजित फर्स्ट एड बॉक्स मेकिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने आकर्षक एवं उपयोगी फर्स्ट एड बॉक्स तैयार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक एवं स्कूल के संरक्षक राजेश अंबावत के संयोजन में आयोजित समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन तथा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर बैंडेज, कॉटन, एंटीसेप्टिक लिक्विड सहित प्राथमिक उपचार में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री को व्यवस्थित ढंग से फर्स्ट एड बॉक्स में सजाया। बच्चों ने इन सामग्रियों के उपयोग और आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथियों ने पुरस्कार, स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग, सपा युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अतुल यादव तथा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अधिवक्ता गौरव सिंघल मुख्य रूप से मौजूद रहे।
स्कूल के संरक्षक राजेश अंबावत ने कहा कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जैसे महान व्यक्तित्वों के आदर्शों, संस्कारों और सेवा भावना से परिचित कराना भी जरूरी है। फर्स्ट एड बॉक्स प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता के साथ जरूरत के समय दूसरों की मदद करने की भावना विकसित होगी।
दीपक विग ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सेवा के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों में बचपन से ही मानव सेवा और दूसरों की सहायता की भावना विकसित करना समाज और देश के लिए महत्वपूर्ण है। स्कूल प्रबंधन की ओर से इस तरह की रचनात्मक प्रतियोगिता का आयोजन सराहनीय पहल है।
अतुल यादव ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री की सादगी और महात्मा गांधी के सिद्धांत देश की महत्वपूर्ण विरासत हैं। उन्होंने फर्स्ट एड बॉक्स तैयार करने वाले बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को सम्मानित करना उनके भीतर आगे बढ़ने की प्रेरणा पैदा करता है।
अधिवक्ता गौरव सिंघल ने कहा कि महात्मा गांधी ने समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा को महत्वपूर्ण माना। संकट के समय किसी जरूरतमंद की सहायता करना और प्राथमिक उपचार के जरिए किसी की जान बचाने का प्रयास मानवता की बड़ी सेवा है। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश को भी याद किया।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को गांधी जी और शास्त्री जी के जीवन एवं विचारों से प्रेरणा दिलाना समाज की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों में सेवा, ईमानदारी, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने के लिए इस तरह के आयोजन लगातार होते रहने चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल के संरक्षक राजेश अंबावत ने मुख्य अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और सभी छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। समारोह में स्कूल का समस्त स्टाफ, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, स्थानीय लोग तथा बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
