मऊ :
पंखे से लटका मिला विवाहिता का शव, मायके वालों ने ससुराल पर लगाया हत्या का आरोप।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र काछी कला गांव में मंगलवार तड़के एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटकती मिली। परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। विवाहिता की मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना कोपागंज क्षेत्र काछी कला गांव निवासी पूजा चौहान (26) पत्नी उमेश चौहान ने का शव घर मे फांसी के फंदे पर लटकता मिलने से परिजनों मे हड़कंप मच गया मृतका पति उमेश चौहान ऑस्ट्रेलिया में रहकर काम करता है।
मृतका के पिता बलिया जिले के किरिहरापुर थाना क्षेत्र के पुरा-पोहो गांव निवासी धीरज चौहान ने कोपागंज थाने में तहरीर देकर पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
पिता की तहरीर के मुताबिक, पूजा की शादी वर्ष 2023 में काछी कला निवासी उमेश चौहान के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में जेवरात के अलावा 10 लाख रुपये और बुलेट बाइक दहेज में दी गई थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में चार पहिया वाहन की मांग को लेकर पूजा को प्रताड़ित करते थे। आरोप यह भी है कि उसे जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
धीरज चौहान का आरोप है कि 5 अक्टूबर की रात करीब एक बजे पूजा ने फोन पर उनसे बातचीत की थी और ससुराल वालों द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात बताई थी। इसके कुछ घंटे बाद मंगलवार सुबह मायके वालों को उसकी मौत की सूचना मिली। पिता के मुताबिक, जब वह बेटी की ससुराल पहुंचे तो पूजा मृत अवस्था में मिली।
घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष राकेश रोहन सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर प्राप्त हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
