मऊ :
अखिलेश की हिरासत पर सपाइयों का प्रदर्शन,कई कार्यकर्ता पुलिस हिरासत में।।
रिहाई की मांग को लेकर रोडवेज पर नारेबाजी, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति।
दो टूक : दिल्ली में निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को मऊ में सपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। रोडवेज परिसर में जुटे कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव की तत्काल रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन और नारेबाजी की। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “अखिलेश यादव जिंदाबाद” और “जय समाजवाद” के नारे लगाए। सपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि निर्वाचन आयोग के समक्ष लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के दौरान पार्टी अध्यक्ष को हिरासत में लिया जाना उचित नहीं है। उन्होंने अखिलेश यादव को तत्काल रिहा करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस कार्रवाई के दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। इस दौरान कुछ देर तक रोडवेज परिसर में गहमागहमी की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर निगरानी बढ़ा दी। वहीं, हिरासत में लिए जाने के बावजूद सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के समर्थन में नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
