लखनऊ :
गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा राष्ट्रप्रेम, छात्राओं ने दी देशभक्ति की शानदार प्रस्तुतियां।
दो टूक : बालिका विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज, मोती नगर लखनऊ में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभात फेरी से हुआ, जिसमें छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इसके बाद विद्यालय परिसर में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।
विस्तार :
दो अक्टूबर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती
पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. लीना मिश्र ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि गांधी और शास्त्री जयंती महज औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा जैसे आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा का अवसर है। उन्होंने छात्राओं से महापुरुषों के विचारों को अपने जीवन में उतारकर सशक्त राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का आयोजन पूनम यादव, रागिनी यादव, मंजुला यादव एवं प्रतिभा रानी के निर्देशन में हुआ, जबकि संचालन कक्षा 10 की छात्रा काजल तिवारी ने किया। छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी को भावविभोर कर दिया। ‘रघुपति राघव राजा राम’ और ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति एवं आध्यात्मिक भाव से सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। जूनियर पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 7 की प्रमीन बानो प्रथम, प्रिया द्वितीय और कक्षा 6 की शांभवी शुक्ला तृतीय रहीं। कक्षा 8 की आयशा को सांत्वना पुरस्कार मिला। सीनियर पोस्टर प्रतियोगिता में कक्षा 12 की आराधना निषाद प्रथम और कक्षा 9 की वैष्णवी राजेंद्र शर्मा द्वितीय रहीं। सीनियर स्लोगन प्रतियोगिता में आराधना निषाद प्रथम, कक्षा 10 की शताक्षी त्रिपाठी द्वितीय और कक्षा 11 की वैष्णवी मिश्रा तृतीय रहीं।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। समापन पर सभी छात्राओं को खाद्य सामग्री वितरित की गई। पूरे आयोजन ने छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने की भावना को मजबूत किया।
