लखनऊ :
मोना मिश्रा ने कहा भाजपा ने युवाओं के सपनों पर लगाया ग्रहण,भर्ती माफिया के आगे नतमस्तक।।
दो टूक : उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मीडिया विभाग की ओर से जारी बयान में कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भाजपा सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेपर लीक, भर्ती माफिया और वर्षों से लंबित भर्तियों के चलते लाखों युवा नौकरी की आस में परेशान हैं।
विस्तार :
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं की खबरों ने युवाओं के भरोसे को गहरी चोट पहुंचाई है। मेहनत और तैयारी के बाद परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को जब पेपर लीक अथवा भर्ती प्रक्रिया लंबित होने की वजह से निराशा हाथ लगती है तो उनका समय, पैसा और भविष्य तीनों प्रभावित होते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भर्ती माफिया लगातार सक्रिय है, जबकि सरकार युवाओं को रोजगार देने के अपने दावों के बावजूद लंबित भर्तियों को समयबद्ध तरीके से पूरा नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, समय पर परीक्षा और निष्पक्ष नियुक्ति का अधिकार मिलना चाहिए।
मोना ने कहा कि सरकार को पेपर लीक और भर्ती संबंधी अनियमितताओं पर कठोर कार्रवाई करते हुए दोषियों को सामने लाना चाहिए तथा सभी लंबित भर्तियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़ा यह मुद्दा केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि प्रदेश के लाखों परिवारों के भविष्य से जुड़ा गंभीर सवाल है।
