सोमवार, 5 अक्टूबर 2026

लखनऊ :तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से अधेड़ महिला की मौत, बेटे के सामने छूटी मां की सांस।||Lucknow:A middle-aged woman died after being hit by a speeding bike; the mother breathed her last in front of her son.||

शेयर करें:
लखनऊ :
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से अधेड़ महिला की मौत, बेटे के सामने छूटी मां की सांस।
दो टूक : लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र के बाराबिरवा में सोमवार सुबह तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से बेटे के साथ पैदल जा रही 48 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। महिला को बेटे ने राहगीरों की मदद से लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
विस्तार :
थाना काकोरी की नई बस्ती निवासी बुधाना सोमवार सुबह अपने बेटे अमरेश के साथ गांव जाने के लिए अवध चौराहे की ओर साधन पकड़ने पैदल जा रही थीं। बाराबिरवा स्थित एक निजी अस्पताल के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुधाना और बाइक सवार युवक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
अमरेश ने राहगीरों की मदद से घायल मां को तत्काल लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका का बड़ा बेटा गणेश एलडीए कॉलोनी के सेक्टर-एफ में रहता है। उसके मुताबिक बुधाना करीब एक महीने से उसके घर पर रह रही थीं और सोमवार को छोटे बेटे अमरेश के साथ अपने गांव वापस जाने के लिए निकली थीं।
उपनिरीक्षक पंकज सारस्वत ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में घायल बाइक सवार की पहचान बारिगंवा निवासी अमन के रूप में हुई है, जिसका लोकबंधु अस्पताल में इलाज चल रहा है।