लखनऊ :
पत्नी के मायके जाने से नाराज मजदूर ने फांसी लगाकर दी जान,बंद कमरे में मिला शव।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना निगोहां क्षेत्र के मस्तीपुर गांव में सोमवार को पत्नी से विवाद के बाद उसके मायके चले जाने से नाराज एक मजदूर ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी पड़ोसियों ने पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना निगोहा क्षेत्र मस्तीपुर गॉव निवासी करीब 30 वर्षीय नन्हेंलाल पुत्र स्व. विश्राम मजदूरी का काम कर के परिवार के साथ रहता था
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को सूचना मिली कि नन्हेंलाल ने अपने घर के बंद कमरे में फांसी लगा ली है। सूचना पर निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। परिजनों व मौके पर मौजूद लोगों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। अंदर नन्हेंलाल छत में लगे कुंडे के हुक से साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया। बताया जा रहा है कि पत्नी से विवाद के बाद उसके मायके चले जाने से वह नाराज था। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है। परिजनों की मौजूदगी मे पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
