लखनऊ :
अत्याधुनिक परिमेट्री मशीन से अब KSSSCI में होगी आंखों की गहन जांच।
दो टूक : कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान (KSSSCI) में विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर नेत्र विभाग में अत्याधुनिक पेरिमेट्री (Perimetry) मशीन की सुविधा शुरू की गई। मशीन का विधिवत उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने किया। इस वर्ष विश्व दृष्टि दिवस की थीम “Love Your Eyes” रही।
विस्तार :
डॉ. शिल्पी दुबे ने बताया कि पेरिमेट्री जांच के जरिए मरीज के दृष्टि क्षेत्र (Visual Field) का सटीक एवं विस्तृत मूल्यांकन किया जाता है। यह जांच ग्लूकोमा (काला मोतिया), ऑप्टिक नर्व से जुड़े विकारों, ब्रेन ट्यूमर से संबंधित दृष्टि समस्याओं और मस्तिष्क से जुड़ी अन्य दृष्टि जटिलताओं की पहचान एवं मूल्यांकन में महत्वपूर्ण है।
संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट ने कहा कि अत्याधुनिक पेरिमेट्री सुविधा शुरू होने से मरीजों को बेहतर और समग्र नेत्र उपचार की सुविधा एक ही संस्थान में मिल सकेगी। वहीं KGMU की नेत्र विभागाध्यक्ष प्रो. अपजीत कौर ने कहा कि चिकित्सा का उद्देश्य केवल रोग का उपचार नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सेवा भाव के साथ मरीजों की बेहतर देखभाल करना भी है।
कार्यक्रम में डॉ. प्रीती गुप्ता, डॉ. विजेंद्र, डॉ. वरुण विजय, डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता, डॉ. आयुष लोहिया समेत संस्थान के संकाय सदस्य, रेजिडेंट्स, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारी और मरीजों के तीमारदार मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिवम् ने किया।
