गोण्डा :
करनैलगंज में गूंजा सेवा संकल्प का संदेश, कलश यात्रा का भव्य स्वागत।
।।संवाददाता – वीरेन्द्र कुमार।।
दो टूक : गोण्डा जनपद के करनैलगंज में गुजरात के वडनगर से काशी विश्वनाथ धाम तक निकाली जा रही सेवा संकल्प कलश यात्रा रविवार को करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के डेहरास चौराहे पहुंची। यात्रा के पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल बन गया। करनैलगंज विधायक अजय सिंह और कटरा बाजार विधायक बावन सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यात्रा का भव्य स्वागत कर अभिनंदन किया।
यात्रा के स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में सेवा, संकल्प और विकसित भारत का संदेश गूंजता नजर आया।
बताया गया कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि गुजरात के वडनगर से शुरू होकर उनकी कर्मभूमि वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम तक जा रही है। यात्रा का उद्देश्य ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प के साथ केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
17 सितंबर 2026 को वडनगर से शुरू हुई यात्रा 17 अक्टूबर 2026 को काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर संपन्न होगी। विभिन्न क्षेत्रों से गुजर रही यात्रा के करनैलगंज पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई।
