लखनऊ :
इकलौते बेटे की तलाश में एक साल से भटक रही मां,कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज।।
●काम दिलाने के बहाने मुंबई ले जाने का आरोप।।
दो टूक : लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के इकलौते बेटे के लापता होने से बेहाल विधवा मां एक साल तक थाने से लेकर पुलिस के आला अधिकारियों तक न्याय की गुहार लगाती रही, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार न्याय के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अब कोर्ट के आदेश पर मोहनलालगंज पुलिस ने आरोपी भाई-बहन के खिलाफ अपहरण, वसूली समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र के भसण्डा मजरा खरेहना गांव निवासी निर्मला देवी के मुताबिक, 1 सितंबर 2025 को उनके 20 वर्षीय इकलौते बेटे सौरभ को उसका दोस्त अंकित अपनी बहन जूली के साथ काम दिलाने का झांसा देकर मुंबई ले गया था। आरोप है कि इसके बाद सौरभ का अपहरण कर उससे जुड़े लोगों से पैसों की मांग की गई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण निर्मला देवी रकम नहीं दे सकीं। इसके बाद से बेटे का कोई पता नहीं चलने पर उन्हें अनहोनी की आशंका सता रही है।
पीड़िता को आशंका है कि आरोपियों ने उनके बेटे की हत्या कर दी है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। बेटे की तलाश और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्मला देवी ने बीते एक साल में थाने से लेकर पुलिस के उच्चाधिकारियों तक दर्जनों शिकायतें कीं, लेकिन कार्रवाई न होने का आरोप लगाया।
लगातार गुहार के बावजूद सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर मोहनलालगंज पुलिस ने अंकित और उसकी बहन जूली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
