गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: शाहपुर गोवर्धनपुर बांगर में बनेगा भव्य बारातघर, नोएडा प्राधिकरण ने दी नियोजन प्रस्ताव को मंजूरी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: शाहपुर गोवर्धनपुर बांगर में बनेगा भव्य बारातघर, नोएडा प्राधिकरण ने दी नियोजन प्रस्ताव को मंजूरी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

6 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 3,000 वर्ग मीटर जमीन पर होगा निर्माण, ग्रामीणों को विवाह और सामाजिक समारोहों के लिए मिलेगी बेहतर सुविधा

दो टूक//नोएडा। ग्राम शाहपुर गोवर्धनपुर बांगर के निवासियों के लिए अच्छी खबर है। गांव में बारातघर निर्माण की लंबे समय से की जा रही मांग पर नोएडा प्राधिकरण ने सकारात्मक कदम उठाया है। ग्रामवासियों की सामाजिक आवश्यकताओं और जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने गांव में 3,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बारातघर के निर्माण के लिए नियोजन प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। प्रस्तावित परियोजना पर करीब 6 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

ग्राम शाहपुर गोवर्धनपुर बांगर के निवासियों की ओर से गांव में बारातघर निर्माण की मांग विभिन्न माध्यमों से नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के समक्ष उठाई गई थी। ग्रामीणों की मांग का उद्देश्य गांव में विवाह समारोहों, पारिवारिक आयोजनों और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए एक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में प्राधिकरण ने ग्रामीणों की आवश्यकता को देखते हुए बारातघर निर्माण के लिए नियोजन प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

निर्माण के लिए गठित होगी समिति

प्राधिकरण की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित भूमि पर बारातघर के निर्माण की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। निर्माण कार्य के लिए अनुमानित लागत का आकलन तैयार कराने के उद्देश्य से समिति का गठन किया जा रहा है। इसके साथ ही परियोजना के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया भी प्रचलित है। इन औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद निर्माण से संबंधित आगामी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

विवाह और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए मिलेगी सुविधा

बारातघर निर्माण का प्रमुख उद्देश्य ग्रामवासियों को विवाह समारोहों, पारिवारिक आयोजनों और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए सुव्यवस्थित, सुविधाजनक और उपयुक्त स्थल उपलब्ध कराना है। गांव में ऐसे सामुदायिक स्थल की उपलब्धता से ग्रामीण परिवारों को सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। साथ ही, कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक निर्धारित स्थान उपलब्ध होने से ग्रामीण क्षेत्र में सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार भी होगा।

ग्रामीण क्षेत्र में जनसुविधाओं के विकास की दिशा में कदम

नोएडा प्राधिकरण की इस पहल को ग्रामवासियों की सामाजिक आवश्यकताओं की पूर्ति और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। करीब 6 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत और 3,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में प्रस्तावित यह परियोजना गांव में सामुदायिक ढांचे को मजबूत करने में सहायक होगी।

फिलहाल बारातघर निर्माण के लिए लागत आकलन और सैद्धांतिक स्वीकृति से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इन प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद परियोजना के निर्माण कार्य की दिशा में अगला कदम उठाया जाएगा।