गौतमबुद्धनगर: जेवर एयरपोर्ट पहुंचे स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन, स्विस कंपनी के अधिकारियों से करेंगे मुलाकात!!
करीब दो घंटे एयरपोर्ट परिसर में रहेंगे स्विस राष्ट्रपति, निर्माण कार्य और प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों से करेंगे संवाद
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन मंगलवार को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। उनके दौरे को लेकर एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली गई थीं। राष्ट्रपति दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर के जरिए जेवर पहुंचे।
स्विस राष्ट्रपति करीब दो घंटे तक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में रहेंगे। इस दौरान उनका एयरपोर्ट के निर्माण और परियोजना से जुड़े स्विस अधिकारियों के साथ मुलाकात और संवाद का कार्यक्रम है। बताया जा रहा है कि वह एयरपोर्ट निर्माण से जुड़ी स्विस कंपनी के ज्यूरिख स्थित अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।
एयरपोर्ट निर्माण से जुड़ी स्विस कंपनी के अधिकारियों से होगी बातचीत
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण में स्विस कंपनी की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का जेवर एयरपोर्ट पहुंचना परियोजना के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दौरान वह कंपनी के अधिकारियों से प्रोजेक्ट की प्रगति और निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ले सकते हैं।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर एयरपोर्ट परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं। उनके आगमन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है। करीब दो घंटे के प्रवास के दौरान राष्ट्रपति का मुख्य कार्यक्रम एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारियों और स्विस कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात पर केंद्रित रहेगा।
जेवर एयरपोर्ट को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी दिलचस्पी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के साथ जेवर क्षेत्र की पहचान तेजी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बन रही है। ऐसे में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति का एयरपोर्ट का दौरा परियोजना के अंतरराष्ट्रीय महत्व को भी दर्शाता है। राष्ट्रपति के दौरे को भारत और स्विट्जरलैंड के बीच तकनीकी एवं कारोबारी सहयोग के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।।
