गौतमबुद्धनगर:अजनारा होम्स की लिफ्ट में 13 लोग फंसे, 20 मिनट तक मची रही अफरा-तफरी!!
बच्चों के रोने की आवाज सुनकर लोगों को हुई जानकारी, इंटरकॉम और ARD सिस्टम के काम नहीं करने का आरोप
दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट। थाना बिसरख क्षेत्र स्थित अजनारा होम्स सोसायटी में लिफ्ट अचानक झटके के साथ बीच फ्लोर पर रुक गई। लिफ्ट में सवार बच्चों, बुजुर्गों समेत करीब 13 लोग लगभग 20 मिनट तक अंदर फंसे रहे। लिफ्ट के अचानक बंद हो जाने से अंदर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। इस दौरान कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ने की भी बात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, लिफ्ट अचानक झटके के साथ रुक गई और काफी प्रयास के बावजूद वह नहीं खुली। लिफ्ट में बच्चों के साथ बुजुर्ग भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि अंदर फंसे लोगों ने मदद के लिए इंटरकॉम और इमरजेंसी सिस्टम का सहारा लेने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि इंटरकॉम और ARD सिस्टम ने समय पर काम नहीं किया।
काफी देर तक लिफ्ट से बाहर नहीं निकल पाने के कारण अंदर मौजूद लोगों में घबराहट बढ़ती गई। इसी दौरान लिफ्ट में फंसे बच्चों के रोने की आवाज बाहर लोगों तक पहुंची, जिसके बाद सुरक्षा गार्ड और सोसायटी की मेंटेनेंस टीम को घटना की जानकारी हुई।
सूचना मिलते ही सुरक्षा और मेंटेनेंस टीम मौके पर पहुंची और लिफ्ट में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 20 मिनट बाद सभी 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी बड़ी अनहोनी की सूचना नहीं है।
घटना के बाद सोसायटी के निवासियों में लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। निवासियों का कहना है कि हाईराइज सोसायटी में लिफ्ट रोजाना बड़ी संख्या में लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन है, ऐसे में इमरजेंसी की स्थिति में इंटरकॉम, अलार्म और ARD जैसे सुरक्षा उपकरणों का पूरी तरह कार्यरत रहना बेहद जरूरी है।
निवासियों ने लिफ्टों की नियमित तकनीकी जांच, मेंटेनेंस व्यवस्था की निगरानी और इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को प्रभावी बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना होने पर लोगों को लंबे समय तक लिफ्ट के अंदर फंसे रहने की स्थिति का सामना न करना पड़े।
