गौतमबुद्धनगर: बाबा टिकैत की 91वीं जयंती पर गूंजा किसानों की एकजुटता का संदेश, अशोक भाटी ने हवन-पूजन कर किया नमन!!
दो टूक//नोएडा/सलारपुर, 6 अक्टूबर 2026। भारतीय किसान यूनियन के जिला कार्यालय सलारपुर में किसान नेता और किसानों के मसीहा कहे जाने वाले चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 91वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर हवन-पूजन, भजन-कीर्तन, लोकगीत, तर्पण एवं भंडारे का आयोजन किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा टिकैत को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पितरों की शांति एवं मोक्ष तथा सभी के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए तर्पण किया। गंगाजल और पुष्प अर्पित कर पितरों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। पंडित राजेश मिश्रा ने विधि-विधान से पूजन एवं हवन संपन्न कराया। उपस्थित लोगों ने यज्ञ में आहुति देकर बाबा टिकैत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
किसानों के हितों के लिए संघर्ष ही बाबा टिकैत को सच्ची श्रद्धांजलि : अशोक भाटी
इस मौके पर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने कहा कि चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत किसानों के सच्चे सेवक, हमदर्द और किसानों की आवाज थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन किसान, मजदूर और ग्रामीण समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए समर्पित कर दिया। उनके संघर्ष ने देशभर के किसानों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और संगठित होने की प्रेरणा दी।
अशोक भाटी ने कहा कि बाबा टिकैत का जीवन किसानों की एकता, स्वाभिमान और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है। उन्होंने जिस मजबूती के साथ किसानों की आवाज को देश के सामने रखा, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणादायी रहेगा। उनके विचार और संघर्ष आज भी किसान समाज को एकजुट होकर अपने हक की लड़ाई लड़ने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा टिकैत की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल उन्हें याद करना नहीं, बल्कि उनके बताए सिद्धांतों और किसान हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाना भी है। किसानों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा।
भजन-कीर्तन और भंडारे में जुटे किसान
कार्यक्रम के दौरान मनीष चौधरी एंड पार्टी द्वारा भजन-कीर्तन एवं लोकगीत प्रस्तुत किए गए। भजनों और लोकगीतों के माध्यम से बाबा टिकैत के जीवन, किसान संघर्ष और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान एवं क्षेत्र के लोग शामिल हुए।
जिलाध्यक्ष अशोक भाटी द्वारा संचालित टिकैत रसोई की ओर से भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, महानगर अध्यक्ष श्रीपाल कसाना, जलकेश बाबूजी, रविंद्र भगतजी, विपिन तंवर, सचिन अवाना, संदीप अवाना, धीरेस नंबरदार, राजा चौधरी, सुभाष भाटी, योगेश भाटी, चरण सिंह भाटी, जोगिंदर भड़ाना, रामवीर हवलदार, सोमेश भारद्वाज, भरत यादव, प्रवीन बंसल, जितेंद्र चौधरी, मनोज त्यागी, सिंहराज गुर्जर, मदन भाटी, ताराचंद भाटी और अजय गुर्जर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।।
