मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नृत्यांगना डॉ. कल्पना भूषण को राष्ट्र गौरव सम्मान, कला और समाजसेवा में योगदान का हुआ सम्मान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नृत्यांगना डॉ. कल्पना भूषण को राष्ट्र गौरव सम्मान, कला और समाजसेवा में योगदान का हुआ सम्मान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। कला, संस्कृति और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नोएडा की प्रसिद्ध नृत्यांगना एवं कल्पना कला केंद्र, सेक्टर-11 की संचालिका डॉ. कल्पना भूषण को हरिद्वार में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्र गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उनके उत्कृष्ट नृत्य कौशल, कला एवं संस्कृति के संरक्षण-संवर्धन तथा समाज के वंचित वर्गों के प्रति किए जा रहे निस्वार्थ सेवा कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

हरिद्वार स्थित केयर कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने शिरकत की। समारोह में महामंडलेश्वर ललितानंद गिरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में केयर कॉलेज हरिद्वार के चेयरमैन राजकुमार शर्मा, श्री गंगा महासभा हर की पैड़ी के पंडित नितिन गौतम, उत्तराखंड के विधायक आदेश चौहान, प्रमुख उद्यमी डॉ. अलंकृत मानवी तथा विकास फाउंडेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर योगेंद्र त्यागी समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कला को साधना और समाजसेवा को संकल्प मानती हैं डॉ. भूषण

डॉ. कल्पना भूषण का कला के क्षेत्र से जुड़ाव लंबे समय से रहा है। प्रतिष्ठित राजघराने से ताल्लुक रखने वाली डॉ. भूषण ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को नृत्य और कला के माध्यम से आगे बढ़ाया है। उन्होंने नृत्य की बारीकियों को आत्मसात करते हुए भारतीय कला एवं संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया है।

नृत्य के साथ-साथ डॉ. कल्पना भूषण सामाजिक सरोकारों को भी अपनी जिम्मेदारी मानती हैं। समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों के लिए किए जा रहे उनके सेवा कार्यों ने उन्हें कला जगत के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी अलग पहचान दिलाई है।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल चुके हैं सम्मान

डॉ. कल्पना भूषण को इससे पहले भी कला, संस्कृति और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। नोएडा में कल्पना कला केंद्र के माध्यम से वह कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने का काम भी कर रही हैं।

राष्ट्र गौरव सम्मान मिलने के बाद उनके संस्थान, शुभचिंतकों और कला जगत से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है। इस सम्मान को नोएडा की कला एवं सांस्कृतिक पहचान के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। डॉ. कल्पना भूषण की इस उपलब्धि से उनके परिवार और संस्थान के साथ-साथ पूरे नोएडा का गौरव बढ़ा है।