गौतमबुद्धनगर: जेवर के नीमका गांव में किसान की गला रेतकर हत्या, पुलिस चौकी के पास वारदात से ग्रामीणों में आक्रोश!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। जेवर क्षेत्र के नीमका गांव में सोमवार तड़के एक किसान की गला रेतकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात पुलिस चौकी के नजदीक होने की बात सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने शव उठाने से रोक दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मौके पर हंगामा किया।
पुलिस के अनुसार, 4/5 अक्टूबर 2026 की रात थाना जेवर क्षेत्र के ग्राम नीमका में भोले शंकर पुत्र उदय सिंह की हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ उच्चाधिकारी भी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना की जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कर घटना का सफल अनावरण किया जाएगा।
वहीं, गांव में हत्या की घटना से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। पुलिस चौकी के पास किसान की हत्या की बात सामने आने से ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी है। ग्रामीणों ने शव उठाने से रोकते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाने और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हत्या के पीछे की वजह तथा वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों और पूरी घटना का खुलासा हो सकेगा।।
