गौतमबुद्धनगर: DLF मॉल में महिला पर घी-रिफाइंड चोरी का आरोप, CCTV में कई बार कैद होने का दावा!!
दो टूक//नोएडा। सेक्टर-20 थाना क्षेत्र स्थित DLF Mall of India में एक महिला पर स्टोर से घी और रिफाइंड समेत अन्य सामान चोरी करने का आरोप लगा है। स्टोर प्रबंधन के मुताबिक महिला को सामान बिना भुगतान किए ले जाते हुए CCTV कैमरों में कैद किया गया है। आरोप है कि महिला पिछले करीब एक महीने में कई बार इसी तरह चोरी कर चुकी है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में महिला को स्टोर में सामान लेकर बिना भुगतान किए बाहर निकलने के दौरान रंगे हाथ पकड़ लिया गया। इसके बाद स्टोर प्रबंधन ने पूर्व की CCTV फुटेज भी खंगाली, जिसमें महिला के कई बार सामान लेकर बिना भुगतान किए निकलने की बात सामने आने का दावा किया गया है।
स्टोर प्रबंधन के अनुसार, महिला ने करीब एक महीने के दौरान चार बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह है कि महिला देखने में सामान्य और सभ्य परिवार से जुड़ी हुई प्रतीत होती है, जिसके चलते स्टोर कर्मचारियों को भी घटना ने हैरान कर दिया।
मामले की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस द्वारा CCTV फुटेज और स्टोर प्रबंधन से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि महिला ने कितनी बार और कितने सामान की चोरी की है।
फिलहाल DLF Mall of India में महिला पर घी और रिफाइंड समेत सामान चोरी करने के आरोप का मामला चर्चा में है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पूरी सच्चाई सामने आएगी।
