आराधना मिश्रा ‘मोना’ के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा : सतेन्द्र शर्मा
दिल्ली आवास पर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रमोद तिवारी का कांग्रेसजनों ने किया भव्य स्वागत
दो टूक//नई दिल्ली/नोएडा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्रीमती आराधना मिश्रा ‘मोना’ के दिल्ली आगमन पर सोमवार को उनके आवास पर कांग्रेसजनों ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी का भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर एवं नोएडा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में किया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों वरिष्ठ नेताओं का फूल-मालाओं, गुलदस्तों एवं पगड़ी पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने श्रीमती आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सतेन्द्र शर्मा ने कहा कि श्रीमती आराधना मिश्रा ‘मोना’ के उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष बनने से पार्टी के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। उनके अनुभव, संघर्षशीलता और लोकप्रियता का लाभ संगठन को मिलेगा। उनके नेतृत्व में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आम जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने की दिशा में नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आराधना मिश्रा ‘मोना’ एक अनुभवी, जुझारू और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, श्रमिकों और समाज के सभी वर्गों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करेंगे।
सतेन्द्र शर्मा ने राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता एवं वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी का स्वागत करते हुए कहा कि प्रमोद तिवारी कांग्रेस के अनुभवी और वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। लंबे राजनीतिक अनुभव के साथ उन्होंने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके मार्गदर्शन और अनुभव से पार्टी कार्यकर्ताओं को लगातार प्रेरणा मिलती रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेगा। कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों को प्रदेश के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के साथ ही जनहित के मुद्दों पर पार्टी का संघर्ष और तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम में अल्पसंख्यक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव लियाकत चौधरी, प्रदेश कोऑर्डिनेटर सतेन्द्र शर्मा, प्रदेश सदस्य यतेन्द्र शर्मा, महानगर उपाध्यक्ष विक्रम चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी कांग्रेसजनों ने दोनों वरिष्ठ नेताओं का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।।
