गौतमबुद्धनगर: एमएलसी चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट, डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण!!
सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और पोलिंग पार्टियों की तैयारियों का लिया जायजा, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान कराने के दिए निर्देश
दो टूक//नोएडा। मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा दीक्षा सिंह के साथ थाना फेस-2 क्षेत्रांतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर चुनाव संबंधी तैयारियों, पुलिस बल की तैनाती, पोलिंग पार्टियों के ठहरने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों की समीक्षा की। इस दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर पुलिस अधिकारियों और पुलिस पोलिंग पार्टियों के साथ समन्वय स्थापित कर चुनाव को लेकर की गई तैयारियों का आकलन किया गया, ताकि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के निर्देश
डीसीपी सेंट्रल नोएडा ने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को मतदान केंद्रों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की प्रभावी चेकिंग करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने पर जोर दिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए।
आपसी समन्वय से शांतिपूर्ण मतदान कराने पर जोर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित समस्या पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने सभी संबंधित कर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं।
