।। सिद्धेश्वर पाण्डेय।।
दो टूक,आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के माहुल नगर सहित ग्रामीण इलाकों में शनिवार को जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। माताओं ने पूरे दिन कठोर निर्जला व्रत रखकर अपने पुत्रों की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
पर्व को लेकर नगर के मंदिरों और पूजा स्थलों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। शाम होते-होते पूजा स्थलों पर व्रती महिलाओं की संख्या बढ़ गई। माहुल स्थित सिद्धपीठ काली चौरा मंदिर में व्रती महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला दोपहर करीब तीन बजे से शुरू हो गया था। शाम को मंदिर परिसर में काफी भीड़ जुट गई। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जीवित्पुत्रिका व्रत की कथा सुनी और पुत्रों की लंबी आयु तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
भीषण गर्मी के बावजूद माताओं की आस्था और श्रद्धा में कोई कमी नहीं दिखाई दी। पूजा स्थलों पर व्रती महिलाओं के साथ कथा सुनने के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर उत्साह और धार्मिक माहौल बना रहा।
इस अवसर पर भाजपा नेता एवं शासन द्वारा मनोनीत सभासद सुजीत जायसवाल ‘आशु’, मंदिर पुजारी शिवशंकर मिश्रा, मंदिर संरक्षक घनश्याम पांडेय, रवि मोदनवाल, लाल बहादुर यादव, गोपाल भारद्वाज, सूरज लाल सोनी, बृजेश मौर्य, सोनू जायसवाल, कौशल पाठक समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
