अम्बेडकर नगर :
जितिया व्रत पर शीतला माता मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब।।
●पूजा कर संतान की दीर्घायु, सुख-समृद्धि की कामना।
।।ए के चतुर्वेदी।।
दो टूक : अम्बेडकरनगर जनपद के जलालपुर क्षेत्र श्री शीतला माता मन्दिर मठिया में शनिवार शाम संतान की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य की कामना को लेकर जीवित्पुत्रिका व्रत (जितिया) का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। व्रत को लेकर मंदिर परिसर में सुबह से ही महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
विस्तार :
जितिया व्रत पर्व पर महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपनी संतानों की लंबी उम्र और निरोगी जीवन की कामना की। मंदिर परिसर में मंगल गीतों और धार्मिक कथाओं के वाचन से माहौल भक्तिमय बना रहा। व्रत का समापन अगले दिन सुबह पारण के साथ हुआ।
इस धार्मिक आयोजन में सभासद रुक्मणी मिश्रा, नगर कोषाध्यक्ष रंजू बिंद, कंचन निषाद, रोशनी यादव, सरोज देवी, फूलमती देवी और रंजना देवी सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहीं।
हिंदू मान्यताओं के अनुसार जीवित्पुत्रिका व्रत संतान की दीर्घायु और स्वास्थ्य के लिए विशेष महत्व रखता है। माता शीतला को आरोग्य एवं स्वच्छता की देवी माना जाता है। इसी आस्था के साथ महिलाओं ने माता शीतला की पूजा कर अपनी संतानों के स्वस्थ, सुखी और दीर्घ जीवन की प्रार्थना की।
