गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अवैध शराब की बिक्री का खुलासा, 49 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब-बीयर और ₹9,960 नकद बरामद!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बीयर के 06 कार्टून, शराब बिक्री से प्राप्त ₹9,960 नकद तथा घटना में प्रयुक्त हुंडई वरना कार बरामद की गई है। बरामद शराब पर उत्तर प्रदेश राज्य का मार्का अंकित बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, 02 अक्टूबर 2026 को थाना सेक्टर-39 पुलिस ने मुखबिर की सूचना और स्थानीय पुलिसिंग के आधार पर कार्रवाई करते हुए महर्षि आश्रम के गेट नंबर-1 के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीत सिंह पुत्र स्वर्गीय टी.एन. सिंह, निवासी आर-27, प्रताप मार्केट, जंगपुरा भोगल, निजामुद्दीन, दिल्ली, उम्र 49 वर्ष के रूप में हुई है।
विभिन्न ब्रांड की शराब और बीयर बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 06 कार्टूनों में अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। बरामदगी में सिमरन ऑफ, मैजिक मूवमेंट, ब्लेंडर प्राइड, रकफोर्ड, ऑल सीजन, रॉयल स्टैग, इम्पीरियल ब्लू, आइकॉनिक व्हाइट समेत अन्य ब्रांड की शराब शामिल है। इसके अलावा ट्यूबर्ग, किंगफिशर, कार्ल्सबर्ग एलिफेंट और बडवाइजर की 500 एमएल की बीयर केन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से शराब की बिक्री से प्राप्त 9,960 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। इसके साथ ही शराब के परिवहन/बिक्री में प्रयुक्त हुंडई वरना कार संख्या DL-12CK-0413 को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना सेक्टर-39 पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 486/26, धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अवैध शराब की बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
