मेरठ: 27 अक्टूबर की गुर्जर स्वाभिमान रैली को लेकर मेरठ में जुटा समाज, दिल्ली कूच का लिया संकल्प!!
हरिश्चंद्र भाटी ने कोतवाल धन सिंह गुर्जर को भारत रत्न देने की मांग उठाई, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
दो टूक//मेरठ, 3 अक्टूबर 2026। आगामी 27 अक्टूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में सरदार पटेल जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाने की तैयारियों को लेकर मेरठ में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा एवं संयुक्त गुर्जर परिसंघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मेनशन होटल सभागार में हुई इस बैठक में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भाग लिया और रैली में मेरठ से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचने का संकल्प लिया।
बैठक का आयोजन संयुक्त गुर्जर परिसंघ के संयोजक भोपाल प्रधान द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरेंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन नवाब चपराना ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी मौजूद रहे।
बैठक में महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केपी सिंह कसाना, रामकेश चपराना, जगबीर दौला, कर्मवीर तोमर तथा गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी सहित समाज के कई प्रमुख पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रैली को लेकर बनाई रणनीति
बैठक में 27 अक्टूबर की गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाने के लिए तैयारियों और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर रैली में भाग लेने का आह्वान किया।
इस दौरान युवाओं एवं महिलाओं को सामाजिक नेतृत्व में आगे लाने, शिक्षा को बढ़ावा देने, व्यवसाय के क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की मजबूती के लिए युवा शक्ति और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कोतवाल धन सिंह गुर्जर को भारत रत्न देने की मांग
अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने भारत सरकार से 1857 की क्रांति के वीर योद्धा कोतवाल धन सिंह गुर्जर को भारत रत्न प्रदान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मेरठ की धरती से 1857 की क्रांति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कोतवाल धन सिंह गुर्जर का योगदान देश के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।
हरिश्चंद्र भाटी ने कहा कि कोतवाल धन सिंह गुर्जर के बलिदान और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिए जाने की मांग की।
मेरठ से हजारों लोगों के दिल्ली पहुंचने का संकल्प
बैठक में उपस्थित सैकड़ों लोगों ने आगामी 27 अक्टूबर को मेरठ से हजारों की संख्या में दिल्ली पहुंचकर गुर्जर स्वाभिमान रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया। रैली को लेकर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर सुप्रसिद्ध लोक गायक हरेंद्र नागर एवं बिशन सिंह महाशय ने आह्वान गीत प्रस्तुत किए। उनके गीतों के माध्यम से लोगों को रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जगदीश गुर्जर, जितेंद्र प्रधान, सुमित प्रधान, नितिन प्रमुख, प्रवीण प्रधान, अश्विनी गुर्जर, कुलबीर पार्षद, डॉ. आदित्य गुर्जर, ललित चपराना, अमित प्रधान, गजेंद्र नागर, तहलका नागर, रविंद्र प्रधान, विनोद चेयरमैन, परविंदर चेयरमैन, अंकित गुर्जर, अर्पित गुर्जर, कौशल प्रधान, सुरेश प्रधान, योगेश कसाना, आदेश भाटी एवं सुशांत गुर्जर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में 27 अक्टूबर की गुर्जर स्वाभिमान रैली में मेरठ से व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने और समाज के लोगों के बीच समन्वय बढ़ाने का आह्वान किया गया।।
