शनिवार, 3 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़ा फरियादियों का हुजूम, 222 शिकायतें दर्ज; 13 का मौके पर निस्तारण!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़ा फरियादियों का हुजूम, 222 शिकायतें दर्ज; 13 का मौके पर निस्तारण!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 3 अक्टूबर 2026। जनपद गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलेभर से पहुंचे फरियादियों ने राजस्व, पुलिस, विकास, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। तीनों तहसीलों में कुल 222 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 13 शिकायतों का अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

तहसील सदर में सीडीओ ने सुनीं शिकायतें

तहसील सदर में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां फरियादियों की ओर से कुल 6 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिरोहा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

दादरी तहसील में सबसे अधिक 122 शिकायतें पहुंचीं

तहसील दादरी में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इस दौरान क्षेत्र से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। अधिकारियों के समक्ष कुल 122 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जेवर में 94 शिकायतें दर्ज, 2 का मौके पर समाधान

तहसील जेवर में उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां कुल 94 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए।

प्रशासन की ओर से अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।