सोमवार, 5 अक्टूबर 2026

लखनऊ :यूपी से राज्यसभा के रण में BJP ने खोले पत्ते,सोशल इंजीनियरिंग से साधे कई सियासी समीकरण।||Lucknow:The BJP has revealed its cards in the Rajya Sabha battle from Uttar Pradesh, manipulating several political equations through social engineering.||

शेयर करें:
लखनऊ :
यूपी से राज्यसभा के रण में BJP ने खोले पत्ते,सोशल इंजीनियरिंग से साधे कई सियासी समीकरण।
दो टूक : उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने आठ अधिकृत उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने इस बार संगठन, सामाजिक समीकरण, महिला प्रतिनिधित्व और अनुभवी राजनीतिक चेहरों का संतुलन साधते हुए उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। घोषित प्रत्याशियों में प्रदेश सरकार के मंत्री से लेकर पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, वरिष्ठ अधिवक्ता और संगठन के अनुभवी पदाधिकारी शामिल हैं।
विस्तार : 
भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के रण मे 8 चेहरों पर लगाया बड़ा दांव लगाते हुए
 मास्टरस्ट्रोक चला है।संगठन से सियासत तक के दिग्गजो को मैदान में उतारा है।
घोषित आठ प्रत्याशियों में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्या सागर सोनकर, गोपी कृष्ण पाण्डेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार के नाम शामिल हैं।
धर्मपाल सिंह वर्तमान में योगी आदित्यनाथ सरकार में पशुधन मंत्री हैं और बरेली की आंवला विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह इससे पहले भी प्रदेश सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और भाजपा के प्रमुख पिछड़ा वर्ग चेहरों में शामिल हैं।
राधाकांत ओझा प्रयागराज के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और इलाहाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के दो बार अध्यक्ष रह चुके हैं। कानूनी एवं सामाजिक क्षेत्र में उनकी मजबूत पहचान है। भाजपा ने उन्हें पेशेवर और विधिक क्षेत्र से राज्यसभा के लिए अवसर दिया है।
प्रकाश पाल उत्तर प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वह कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। संगठन में लंबे अनुभव के चलते उन्हें पार्टी के पिछड़ा वर्ग संगठन का प्रमुख चेहरा माना जाता है।
विद्या सागर सोनकर भाजपा के प्रमुख दलित नेताओं में शामिल हैं। जौनपुर के मूल निवासी सोनकर मछलीशहर से लोकसभा सांसद रह चुके हैं और उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य तथा पार्टी के प्रदेश महामंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं। गोपी कृष्ण पाण्डेय भाजपा के वरिष्ठ संगठनकर्ता हैं। लंबे समय से पार्टी के जमीनी संगठन और विभिन्न अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। संगठन के प्रति उनकी लंबी सक्रियता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है।
प्रियंका सिंह रावत बाराबंकी से 16वीं लोकसभा की पूर्व सांसद हैं। भाजपा की प्रमुख महिला नेताओं में शामिल रावत प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी संगठन में सक्रिय रही हैं। उनके जरिए भाजपा ने महिला प्रतिनिधित्व को भी मजबूत संदेश दिया है।
राम प्रताप सिंह चौहान उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री और पश्चिम क्षेत्र के प्रभारी हैं। वह आगरा की एत्मादपुर विधानसभा सीट से वर्ष 2017 से 2022 तक भाजपा विधायक रहे हैं। संगठन और चुनावी राजनीति में लंबे अनुभव के चलते उनका नाम भी राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची में शामिल किया गया है।
श्रुति गंगवार बरेली अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की चेयरपर्सन और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। IIT से शिक्षा प्राप्त श्रुति गंगवार बरेली-बहेड़ी क्षेत्र में सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। वह वरिष्ठ भाजपा नेता और राज्यपाल संतोष गंगवार की पुत्री हैं।
भाजपा की इस सूची को संगठन, सामाजिक समीकरण, महिला प्रतिनिधित्व और अनुभवी राजनीतिक चेहरों के संतुलन के तौर पर देखा जा रहा है। आठों उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश की राज्यसभा चुनावी राजनीति में सियासी हलचल तेज हो गई है। वहीं उम्मीदवारो के समर्थकों समेत भाजपा कार्यकर्ताओं मे उतसाह बढगया है।
●राज्य सभा का उम्मीदवार बनाए जाने पर युवा नेता बबलू तिवारी ने पुष्प गुच्छ देकर बधाई दी।