अम्बेडकर नगर :
सपा के भीम निषाद ने भापजा पर साधा निशाना,बोले-महंगाई-बेरोजगारी से जनता त्रस्त,अब बदलाव तय।
।।रिपोर्ट : ए.के. चतुर्वेदी।।
दो टूक : अम्बेडकरनगर जनपद के जलालपुर विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं जलालपुर विधानसभा क्षेत्र से टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे भीम निषाद ने रंन्नूगंज में आयोजित नुक्कड़ सभा के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार समेत जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
भीम निषाद ने कहा कि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रही है, जबकि भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने में सरकार विफल नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां करती है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, नौजवानों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। जलालपुर क्षेत्र में विकास, युवाओं के लिए रोजगार, किसानों की समस्याओं और आमजन को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को उन्होंने अपनी प्राथमिकता बताया।
सपा नेता ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना उनकी राजनीतिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाजवादी पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जलालपुर विधानसभा क्षेत्र में भीम निषाद की लगातार सक्रियता और सरकार विरोधी तेवरों के चलते स्थानीय सियासी हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सभा के दौरान उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले समय में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने का काम करेगी।
●कार्यक्रम की वीडियो -
